युवक की निर्मम हत्या, दीपावली बाद होनी थी शादी

संवाददाता, आरएल न्यूज

खटीमा के जादोपुर गांव में एक युवक को बांधक उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक मेहनत-मजदूरी का काम करता था। दीपावली के बाद परिजन युवकी की शादी की भी तैयारी करने वाले थे। मामले में पुलिस ने एक मामा-भांजे व एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कमलजीत सिंह पुत्र स्व.जगत सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई अनिल सिंह (तीस वर्ष) से गांव के कुछ लोग रंजिश रखते थे। वह पूर्व में भी उसके भाई से मारपीट कर चुके हैं। लेकिन, पूर्व में गांव की पंचायत में ही मामलों को सुलझाया जा चुका था। शुक्रवार शाम अनिल काम से घर वापस आया। देर रात करीब आठ बजे उसके मोबाइल पर गांव की ही एक महिला ने फोन कर उसे अपने घर बुलाया था, जिसके बाद देर रात में ही कुछ लोगों का फोन उसके मौसा धर्मेंद्र सिंह के पास आया, जिसमें कहा गया कि उन्होंने अपना काम कर दिया है, तुम अनिल को ले जाओ। मौसा से जानकारी मिलने पर वह अपनी मां लालवंती एवं गांव के बलराज सिंह को बाइक पर बैठाकर महिला के घर पहुंचा, जहां आरोपितयों ने उसके भाई को लाठी-डंडों व सरिया से पीट रहे थे। साथ ही उससे गाली-गलौच भी कर रहे थे। उसका भाई अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ था। उससे शरीर से खून भी बह रहा था। बताया कि उसने किसी तरह अनिल को एक निजी अस्पताल में पहुंचा। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। इसके बाद वह घायल अनिल को उप जिला चिकित्सालय लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावत, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने ग्राम जादोपुर निवासी कृष्ण सिंह, सुमित व सुंदरवती के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1), 127 (2), 3(5) व 351 (2) में प्राथमिकी पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि कृष्ण सिंह मामा, सुमित भांजा व सुंदरवती कृष्ण सिंह की भाभी है। प्रथमदृष्ट्या मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

दीपावली बाद होनी थी शादी

मृतक अनिल सिंह के स्वजन दीपावली बाद उसकी शादी का निर्णय ले रहे थे। यही नहीं उन्होंने नेपाल में उसके लिए एक लड़की भी देखी थी, लेकिन शुक्रवार रात हुई घटना ने शादी की तैयारियों पर पानी फेर दिया। अनिल के घर पर मां लालवंती, बड़ा भाई, भाभी पिंकी व उनकी दो बेटियां हैं। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ हे।


Post a Comment

0 Comments